
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बस्तौली गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां घर की छत पर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची के सिर में अचानक गोली लग गई। गोली कहां से आई और किसने चलाई, इसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। गनीमत यह रही कि गोली टिन शेड को चीरते हुए आई थी, जिससे उसकी रफ्तार कम हो गई और बच्ची की जान बच गई।
पीड़ित पिता रमेश के अनुसार, उनकी तीन साल की बेटी लक्ष्मी अपने भाई सौभाग्या (8) और हिमांश (7) के साथ घर की छत पर बने टीन शेड के नीचे खेल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी और लक्ष्मी के सिर से खून बहने लगा। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत उसे नजदीकी मेघना अस्पताल ले जाया गया।
मेघना अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए बच्ची के सिर में टांके लगाए। हालांकि रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के सिर में गोली फंसी हुई है। अस्पताल में बेड उपलब्ध न होने के कारण बच्ची को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ट्रॉमा सेंटर में सीटी स्कैन कराने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन का फैसला लिया। करीब पांच घंटे तक चले लंबे ऑपरेशन के बाद बच्ची के सिर से गोली सफलतापूर्वक निकाल ली गई। फिलहाल बच्ची ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।








