
- शिव मंदिरों में सुबह से भक्तों की भारी भीड़
- काशी में कांवड़ियों का जत्था पहुंचा जल चढ़ाने
- तुलसी घाट पर युवाओं की पारंपरिक कुश्ती, विदेशी भी शामिल
वाराणसी/ललितपुर/बुलंदशहर। सावन माह के 19वें दिन मंगलवार को नाग पंचमी का पर्व पूरे उत्तर भारत में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। तड़के से ही शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। शिवालयों में जलाभिषेक और दूध-लावा चढ़ाने का क्रम जारी है। काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रयागराज से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों का जत्था हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवभक्ति में लीन नजर आया।
काशी में तुलसी घाट पर दंगल, विदेशी भी दिखे जोश में
वाराणसी के प्रसिद्ध तुलसी घाट पर जहां कभी गोस्वामी तुलसीदास रियाज किया करते थे, वहीं आज युवाओं की पारंपरिक कुश्ती ने लोगों का ध्यान खींचा। अखाड़े में हो रही इस दंगल प्रतियोगिता को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस आयोजन में नीदरलैंड के हर्बर्ट नामक विदेशी नागरिक ने भी जोड़ी और गदा फेरी कर सभी को चौंका दिया।
ललितपुर में सपेरे और सांप का खौफ
ललितपुर में नाग पंचमी की परंपरा के तहत सपेरे सुबह से ही घर-घर जाकर नागदेव के दर्शन करवा रहे हैं। इसी दौरान एक घर में पूजा के समय एक महिला पर सांप ने अचानक हमला कर दिया। घटना से हड़कंप मच गया और महिलाएं घबराकर इधर-उधर भागने लगीं। हालांकि, महिला को समय रहते सुरक्षित कर लिया गया।








