
- बैठक में पूर्व जजों और कानूनी विशेषज्ञों ने रखी राय
- राज्यों की राय जानने महाराष्ट्र से शुरू होगा JPC का दौरा
- प्रियंका गांधी की बैग पॉलिटिक्स फिर चर्चा में
नई दिल्ली। वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर गठित जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) की बैठक मंगलवार को शुरू हुई। इस बैठक में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज उस वक्त चर्चा में आ गईं जब वे ‘नेशनल हेराल्ड की लूट’ लिखा हुआ बैग लेकर पहुंचीं। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार है जब लोकतंत्र के चौथे स्तंभ, मीडिया, में इस प्रकार का भ्रष्टाचार सामने आया है। बांसुरी का यह प्रदर्शन उस समय हुआ जब हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 15 अप्रैल को सोनिया गांधी, राहुल गांधी और सैम पित्रोदा के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट दाखिल की थी। मामले की अगली सुनवाई 25 अप्रैल को निर्धारित है।
प्रियंका गांधी की बैग पॉलिटिक्स की याद
इससे पहले 10 दिसंबर को प्रियंका गांधी संसद में पीएम मोदी और अडाणी पर आधारित कार्टून छपे बैग के साथ नजर आई थीं। वे अडाणी पर अमेरिकी कोर्ट में लगे आरोपों के खिलाफ विरोध जताने पहुंची थीं। इतना ही नहीं, 16 दिसंबर 2024 को उन्होंने ‘फिलिस्तीन आज़ाद होगा’ लिखा बैग भी संसद में लहराया था, जिसमें सफेद कबूतर और तरबूज बना था—जो फिलिस्तीनी एकजुटता का प्रतीक माना जाता है।
JPC करेगी राज्यों का दौरा
वन नेशन-वन इलेक्शन पर जनता और राज्यों की राय लेने के लिए JPC 17 मई से महाराष्ट्र से अपना दौरा शुरू करेगी। इसके बाद उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और पंजाब का भी भ्रमण किया जाएगा। JPC अध्यक्ष पीपी चौधरी ने कहा कि समिति हर राज्य की राय जानना चाहती है और सभी पक्षों को सुना जाएगा।








