- हादसे में 9 लोगों की मौत, कई घायल
- 4 से 5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
- खतरनाक घोषित इमारत में चल रहा था मरम्मत कार्य
- बिना अनुमति मरम्मत कराने की बात सामने आई
भिवंडी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 से 5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इमारत में कुल 48 कमरे थे और प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। इस भवन को पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय इमारत में मरम्मत का कार्य चल रहा था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब 9 बजे इमारत से तेज चटकने की आवाजें आने लगीं और दीवारों में दरारें दिखाई देने लगीं। इसके बाद आसपास के लोगों ने एहतियातन परिवारों को बाहर निकालना शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद इमारत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया।
सूचना मिलते ही नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इंदिरा गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी ऑफिसर डॉ. आकाश शुक्ला के अनुसार तीन घायलों का उपचार किया गया, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।
भिवंडी के कलेक्टर श्रीकृष्ण पांचाल ने बताया कि इमारत में मरम्मत का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन इसके लिए नगर निगम से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।









