- चढ़ावा विवाद में पहली FIR दर्ज
- निलंबित निजी सचिव पर BNS की धाराओं में केस
- मुख्यमंत्री ने हाई लेवल जांच के दिए निर्देश
बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित हेरफेर मामले में पहली बड़ी आपराधिक कार्रवाई हुई है। मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर निलंबित निजी सचिव प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बद्रीनाथ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 और 316(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। शासन ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय हाई लेवल समिति का गठन किया है, जिसे 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
वहीं, चढ़ावा विवाद को उजागर करने वाले काल भैरव सेना के अध्यक्ष संदीप खत्री को बुधवार को देहरादून स्थित उनके कार्यालय में पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक नजरबंद रखा। वह मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इससे एक दिन पहले भी पुलिस उनके आवास पर तैनात रही थी।









