
- बैंक ऑफ बड़ौदा और ICICI दोनों एटीएम में छेड़छाड़
- पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी वारदात टली
- आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया
अंबेडकरनगर, टांडा।टांडा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शनिवार रात एटीएम मशीन से रुपये निकालने के प्रयास में लगे युवक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी युवक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया था। उसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह नशे का आदी है और आर्थिक तंगी के कारण वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
रात दो बजे हुई संदिग्ध हरकत की सूचना
शनिवार रात लगभग दो बजे टांडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी को सूचना मिली कि बस स्टेशन के समीप स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम कक्ष में एक संदिग्ध युवक तोड़फोड़ कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एटीएम में तोड़फोड़ की पुष्टि हुई, हालांकि मशीन से रुपये निकालने में युवक नाकाम रहा।
आइसीआइसीआइ बैंक के एटीएम में भी की गई छेड़छाड़
बड़ौदा बैंक की घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल पास ही आदर्श चौराहा स्थित आइसीआइसीआइ बैंक के एटीएम कक्ष की भी जांच की। वहां भी मशीन के साथ छेड़छाड़ के साक्ष्य मिले। दोनों ही स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए मिले, लेकिन DVR सुरक्षित होने के कारण फुटेज से युवक की पहचान संभव हो सकी।








