
लखनऊ। बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी को गाजीपुर पुलिस ने रविवार देर रात राजधानी लखनऊ के दारुलशफा स्थित विधायक आवास से गिरफ्तार कर लिया। उमर पर आरोप है कि उन्होंने फरार चल रही अपनी मां अफशां अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर कर अदालत में याचिका दायर की थी, ताकि गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की गई संपत्ति को छुड़ाया जा सके।
गाजीपुर पुलिस की टीम रात करीब 10:40 बजे दारुलशफा पहुंची और अब्बास अंसारी के आवास पर छापेमारी कर उमर को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए गाजीपुर ले जाया गया। यह आवास सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी का है। इस हाईप्रोफाइल गिरफ्तारी से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
फर्जी दस्तखत कर दाखिल की थी याचिका
गाजीपुर के मुहम्मदाबाद थाने में उमर अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज है। आरोप है कि उन्होंने कोर्ट में एक याचिका दाखिल की, जिसमें अफशां अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। जब दस्तावेजों का मिलान कराया गया तो हस्ताक्षर वास्तविक दस्तावेजों से मेल नहीं खाते पाए गए। जांच में सामने आया कि याचिका का मकसद जब्त संपत्ति को छुड़ाना था।
प्रारंभिक जांच में षड्यंत्र की पुष्टि
पुलिस का कहना है कि उमर और उनके वकील ने कोर्ट को गुमराह करने के लिए सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए IPC की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर सकती है।








