
- प्रत्येक विभाग को निर्धारित समयसीमा में देना होगा जवाब
- OBPAS सिस्टम से नक्शा पास, अब NOC भी उसी से लिंक
- मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने किया ऑनलाइन पोर्टल का उद्घाटन
आगरा। अब आगरा में रेजिडेंशियल और कॉमर्शियल भवन निर्माण के लिए नक्शा पास कराने की प्रक्रिया और भी सरल हो गई है। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने मानचित्र स्वीकृति से संबंधित सभी विभागों की NOC को अब ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू कर दी है। इससे अब लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
ऑनलाइन NOC पोर्टल का शुभारंभ
बुधवार को मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने मंडलायुक्त कार्यालय में बैठक के दौरान इस ऑनलाइन प्रक्रिया का शुभारंभ किया। ADA पहले ही मानचित्र पास कराने की प्रक्रिया को OBPAS सिस्टम के माध्यम से डिजिटल कर चुका है, लेकिन विभिन्न विभागों से NOC मिलने में होने वाली देरी से लोग परेशान थे।
अब दिखेगा कहां अटका है आवेदन
नई व्यवस्था के तहत यह भी देखा जा सकेगा कि किस डिपार्टमेंट में, किस अधिकारी के पास NOC का आवेदन अटका हुआ है। संबंधित विभाग को एक निश्चित समय सीमा के भीतर आवेदन को निस्तारित करना अनिवार्य होगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित हो सकेगी।
आवेदकों को मिलेगा बड़ा लाभ
मंडलायुक्त ने कहा कि इस ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत से आवेदकों को न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि उन्हें विभागों के चक्कर भी नहीं काटने पड़ेंगे। यह शहरवासियों के लिए एक सकारात्मक और सुविधा जनक पहल है।








