उत्तराखंड में आदि कैलाश यात्रा सालभर कराने की तैयारी

15 सितंबर से दोबारा शुरू होगी यात्रा, अब तक 52 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पिथौरागढ़। उत्तराखंड सरकार आदि कैलाश यात्रा को वर्षभर संचालित करने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए पिथौरागढ़ प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं। फिलहाल खराब मौसम के कारण यात्रा स्थगित है, जिसे 15 सितंबर से दोबारा शुरू किया जाएगा।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि यदि सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं तो इसी वर्ष आदि कैलाश यात्रा को पूरे साल संचालित करने की योजना लागू की जा सकती है। 1 मई से शुरू हुई इस वर्ष की यात्रा में अब तक 52 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए क्षेत्र में 550 से अधिक नए होमस्टे तैयार किए गए हैं। साथ ही, मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है। वर्तमान में आदि कैलाश क्षेत्र में केवल BSNL और Jio की सेवाएं उपलब्ध हैं, जबकि अन्य दूरसंचार कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2023 में आदि कैलाश के दर्शन किए थे। इसके बाद से यात्रा को वर्षभर संचालित करने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि चार वर्ष पहले जहां यहां केवल करीब 2 हजार श्रद्धालु पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर लगभग 52 हजार तक पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button