
कानपुर। कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (अटारी) के निदेशक प्रो. शांतनु दुबे (55) की शुक्रवार को ऑनलाइन बैठक के दौरान अचानक हृदयाघात (हार्ट अटैक) से मौत हो गई। वे 89 कृषि विज्ञान केंद्रों की समीक्षा बैठक कर रहे थे।
बैठक के दौरान प्रो. दुबे को बेचैनी महसूस हुई और वे पसीने में भीग गए। देखते ही देखते वे अपनी कुर्सी से नीचे गिर पड़े। आसपास मौजूद अधिकारियों ने तुरंत सीपीआर देकर उन्हें रावतपुर स्थित कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रो. शांतनु दुबे का अंतिम संस्कार भैरव घाट पर किया गया, जिसमें उनकी बड़ी बेटी ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सभी सदस्य भावुक दिखाई दिए।








