अंबेडकरनगर। नवरात्र और दीपावली से पहले अकबरपुर शहर की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विद्युत विभाग ने अनुरक्षण कार्य तेज कर दिया है। रविवार को अवकाश के दिन भी कर्मचारियों ने 11 केवी लाइनों के आसपास ट्री कटिंग और लाइन मेंटिनेंस का काम किया। इसका उद्देश्य पेड़ों की डालियों से लाइन में होने वाले व्यवधान को कम करना है।
अवर अभियंता ई. संजय यादव की देखरेख में कर्मचारियों ने बसखारी रोड स्थित पटेल नगर तिराहे से बसपा कार्यालय तक और बसखारी रोड से ऑलियापुर तक काम कराया। बिजली लाइनों के आसपास बढ़ी पेड़ों की डालियों और अन्य अवरोधों को हटाया गया। लाइन के आसपास सफाई के साथ आवश्यक अनुरक्षण कार्य भी किए गए।
पर्वों में बढ़ेगा बिजली का लोड, पहले से तैयारी
नवरात्र और दीपावली के दौरान शहर में बिजली की मांग बढ़ने की संभावना रहती है। घरों और प्रतिष्ठानों में रोशनी के साथ धार्मिक आयोजनों के कारण भी बिजली का इस्तेमाल बढ़ता है। ऐसे में विभाग ने पर्वों से पहले लाइनों और उपकरणों के अनुरक्षण पर जोर दिया है।
अवर अभियंता ई. संजय यादव ने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए लाइन अनुरक्षण, ट्री कटिंग और उपकरणों की जांच का काम समयबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। इससे अनावश्यक ट्रिपिंग और विद्युत व्यवधान को कम करने में मदद मिलेगी।
सुरक्षा उपकरणों के साथ काम करने के निर्देश
विभागीय कर्मचारियों को अनुरक्षण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अनुसार पर्वों तक लाइन और उपकरणों से जुड़े जरूरी सुधार कार्य जारी रहेंगे।









