- 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान शुरू
- डीएम ईशा प्रिया ने किया शुभारंभ
- 7 से 21 जुलाई तक चलेगा अभियान
- सड़क सुरक्षा सखियां घर-घर करेंगी जागरूक
अम्बेडकरनगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत मंगलवार को की गई। विकास भवन परिसर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 07 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
जिला प्रशासन और आईआईटी मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी (COERS) के तकनीकी सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान की थीम ‘नारी शक्ति द्वारा सुरक्षित अम्बेडकरनगर’ रखी गई है। अभियान में सड़क सुरक्षा सखियों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। ये सखियां गांव, परिवार और समाज के स्तर पर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगी।
सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की पहल
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जनभागीदारी से व्यापक अभियान का रूप देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए इंजीनियरिंग, प्रवर्तन, शिक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और जनसहयोग के समन्वित प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करना है, ताकि सड़क पर हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सड़क सुरक्षा सखियों को जागरूकता की शपथ दिलाई और जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
घर-घर पहुंचेंगी सड़क सुरक्षा सखियां
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सामाजिक और पारिवारिक प्रभाव काफी अधिक होता है। इसी को देखते हुए अभियान में महिलाओं को प्रमुख भूमिका दी गई है।









