- STF ने एक लाख के इनामी बदमाश को मार गिराया
- बेवाना क्षेत्र में तड़के हुई मुठभेड़
- पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
- आठ वर्षों से फरार चल रहा था आरोपी
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मंगलवार तड़के अम्बेडकरनगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश विक्की उर्फ आसिफ अली को मुठभेड़ में मार गिराया। बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मुस्लिमपुर के पास सुबह करीब चार बजे हुई इस कार्रवाई में बदमाश ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मारा गया बदमाश विक्की उर्फ आसिफ अली पुत्र मजहर हुसैन उर्फ बाबू अली, कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के धुरैथा मकरनपुर गांव का निवासी था। उसके खिलाफ हत्या, लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया था घेराबंदी का जाल
सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ को बदमाश की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बेवाना क्षेत्र में ऑपरेशन चलाया गया। टीम ने जगदीशपुर मुस्लिमपुर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाश ने बच निकलने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।









