अंबेडकरनगर। कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र के कथित अपहरण की सूचना मंगलवार को चर्चा का विषय बन गई। परिजनों ने छात्र के बेहोशी की हालत में मिलने के बाद अपहरण की आशंका जताई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्र का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह दो अन्य साथियों के साथ स्कूल छोड़कर फन पार्क गया था।
मामला सुडारी अफजलपुर गांव का है। पुलिस के अनुसार, गीता यादव का पुत्र प्रियांशु यादव सुबह करीब आठ बजे ई-रिक्शा से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा। स्कूल प्रशासन से जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
कुछ समय बाद प्रियांशु बसखारी रोड स्थित मोगली फन पार्क के पास बेहोशी की हालत में मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली अकबरपुर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
इंस्पेक्टर अकबरपुर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और छात्र से पूछताछ की। पूछताछ में प्रियांशु ने अपने साथ गए दो अन्य छात्रों औलियापुर कॉलोनी निवासी प्रतीक पाल और टांडा रोड निवासी रवीश पाल के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने दोनों छात्रों से भी पूछताछ की। जांच में सामने आया कि तीनों किशोर उस दिन स्कूल जाने के बजाय मोगली फन पार्क चले गए थे।









