नंबर ब्लॉक किया तो दूसरे फोन से कॉल, नगर पालिका की अवर अभियंता को धमकी

रुपये मांगने और न देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप; पति को भी धमकाने की शिकायत, एफआईआर दर्ज

अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका परिषद में तैनात अवर अभियंता ने एक व्यक्ति पर लगातार फोन कर परेशान करने, अभद्रता करने, रुपये मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि नंबर ब्लॉक करने के बाद भी आरोपी दूसरे नंबरों से फोन करता रहा। रुपये नहीं देने पर आत्महत्या कर उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। शिकायत के आधार पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी ड्यूटी के दौरान साइट पर पहुंचने का आरोप
नगर पालिका की अवर अभियंता सिविल मालविका सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सरकारी कार्य के सिलसिले में साइट पर जाने के दौरान मीरपुर निवासी परमानंद यादव वहां पहुंचकर उन्हें परेशान करता है। आरोप है कि वह उनके मोबाइल पर बार-बार फोन करता है और मानसिक रूप से परेशान करता है।
ब्लॉक किया नंबर तो दूसरे नंबर से फोन
शिकायत के अनुसार, महिला ने जब आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया तो वह दूसरे नंबरों से कॉल करने लगा। फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और कथित तौर पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उससे रुपये की मांग करता है। रुपये नहीं देने पर आत्महत्या कर उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button