अंबेडकरनगर। जलालपुर क्षेत्र के नवानगर गांव के पास मंगलवार को सड़क किनारे संदिग्ध अवशेष मिलने से हलचल मच गई। मैनपुर गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर अवशेष पड़े होने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर जलालपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पशु चिकित्सा विभाग को इसकी जानकारी दी।
पहली नजर में आंत जैसा अवशेष
उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जलालपुर डॉ. विनोद कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अवशेष का प्रारंभिक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पहली नजर में यह किसी जानवर की आंत जैसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अवशेष किस जानवर का है।
डॉ. यादव के अनुसार, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अवशेष को वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला विधि विज्ञान, रामनगर, वाराणसी भेजा गया है।
मौके पर नहीं मिला मांस का टुकड़ा
पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर किसी तरह का मांस का टुकड़ा नहीं मिला है। फिलहाल मिले अवशेष की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी वास्तविक प्रकृति और जानवर की पहचान स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट के बाद साफ होगी स्थिति
प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके से मिले अवशेष को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









