लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश की हर 12वीं पास बेटी को लैपटॉप दिया जाएगा। इसके साथ ही हर महिला को हर साल 40 हजार रुपये देने की बात कही।
फिर शुरू होगी साइकिल योजना
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार के दौरान छात्राओं को साइकिल देने की योजना चलाई गई थी। सरकार बनने पर इसे दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सपा सरकार की ओर से पहले भी कई योजनाएं लागू की गई थीं।
26 हजार बंद स्कूल खोलने का दावा
सपा प्रमुख ने प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार स्कूलों को फिर से खोलने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इन स्कूलों को दोबारा संचालित किया जाएगा।
फ्री बस यात्रा योजना पर तंज
लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने योगी सरकार की बुजुर्ग महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना पर भी तंज कसा।
उन्होंने कहा कि सपा को अपने कार्यालय को पूरी तरह सुरक्षित रखना होगा, क्योंकि पार्टी की योजनाओं की जानकारी सरकार तक पहुंच रही है। अखिलेश ने कहा कि पार्टी कुछ योजना बनाती है और उसकी सूचना लीक होकर सरकार तक पहुंच जाती है। उन्होंने इसे ही बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना शुरू किए जाने से जोड़कर टिप्पणी की।









