अंबेडकरनगर। शहजादपुर कस्बे और आसपास के 10 गांवों में बिजली आपूर्ति बेहतर करने की तैयारी है। गौहन्ना बाईपास के पास 4.93 करोड़ रुपये की लागत से नया बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसके प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिल गई है। निर्माण का जिम्मा अयोध्या की वर्कशाप को सौंपा गया है।
नए उपकेंद्र से शहजादपुर बाजार, कृष्णानगर, इंद्रलोक कॉलोनी, रतनपुर और भिखारीपुर समेत आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। करीब 60 हजार की आबादी को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। उपकेंद्र से लगभग पांच हजार उपभोक्ताओं को जोड़ा जाएगा।
तीन फीडर और दो बड़े ट्रांसफार्मर होंगे स्थापित
नए उपकेंद्र में तीन फीडर बनाए जाएंगे। पांच-पांच एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। संबंधित क्षेत्रों में नई बिजली लाइनें बिछाने के साथ खंभे और ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे।
यहां 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के साथ 440 वोल्ट की लाइन भी बिछाई जाएगी। उपकेंद्र भवन, चहारदीवारी और आवास के निर्माण पर करीब 1.15 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शेष बजट तार, खंभे और ट्रांसफार्मर समेत अन्य विद्युत कार्यों पर खर्च किया जाएगा।
अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू होगा निर्माण
अयोध्या मंडल के सिविल अवर अभियंता अतुल कुमार के अनुसार उपकेंद्र के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। तहसील की ओर से भूमि सिविल विभाग को हस्तगत की जा चुकी है। बारिश रुकने के बाद अक्टूबर के पहले सप्ताह से निर्माण शुरू कराने की तैयारी है।
अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि 4.93 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। उपकेंद्र का निर्माण मई तक पूरा करने का लक्ष्य है। इससे क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या कम होने के साथ बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।









