अंबेडकरनगर। मेडिकल कॉलेज में ट्यूमर के ऑपरेशन के लिए भर्ती एक गरीब महिला के सामने रक्त की कमी बड़ी चुनौती बन गई। महिला के शरीर में हीमोग्लोबिन कम होने के कारण ऑपरेशन में दिक्कत आ रही थी। ऐसे समय में मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एमबीबीएस, एमएस डॉ. प्रिया सिंह ने रक्त की व्यवस्था कराने में मदद की।
डॉ. प्रिया सिंह ने मेडिकल कॉलेज में महिला के लिए चार यूनिट रक्त निशुल्क उपलब्ध कराया। इसके अलावा प्राइवेट ब्लड बैंक में लगने वाला 2400 रुपये का शुल्क भी अपनी ओर से जमा किया।
रक्तदान कर कई लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ
महिला के लिए रक्त जुटाने में कई लोगों ने सहयोग किया। समाजसेवी बरकत अली ने जिला अस्पताल में एक यूनिट रक्तदान किया। बसखारी के सत्यम गुप्ता ने मेडिकल कॉलेज में एक यूनिट रक्तदान किया।
मुराद अली ने दो यूनिट रक्त की व्यवस्था में सहयोग किया। इनमें एक यूनिट उन्होंने स्वयं रक्तदान किया। डॉ. प्रिया सिंह ने अपने स्टाफ अमित से भी एक यूनिट रक्तदान कराया। इसके अलावा शांति राजभर ने भी एक यूनिट रक्तदान किया।
रक्त की व्यवस्था के बाद हुआ ऑपरेशन
रक्त की जरूरत पूरी होने के बाद महिला का ट्यूमर का ऑपरेशन किया गया। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा। इसके बाद महिला और उसके परिवार ने डॉ. प्रिया सिंह समेत रक्तदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
इलाज के साथ रक्त की व्यवस्था में भी निभाई भूमिका
इस मामले में डॉ. प्रिया सिंह ने चिकित्सकीय जिम्मेदारी के साथ मरीज के लिए जरूरी रक्त की व्यवस्था कराने में भी सहयोग किया। उनके प्रयास से रक्त की कमी के कारण सामने आई समस्या दूर हुई और महिला का ऑपरेशन हो सका।
रक्तदान करने वालों में बरकत अली, सत्यम गुप्ता, मुराद अली, अमित और शांति राजभर शामिल रहे।









