
- राजेसुल्तानपुर थाने का मामला, वीडियो
- हिरासत में युवक के साथ पिटाई का आरोप
- सीसीटीवी रहित कमरे में मारपीट की बात सामने आई
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा के दौरान युवक के साथ मारपीट का आरोप सामने आया है। मामला सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया। पीड़ित का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लिया है। उनके निर्देश पर आलापुर क्षेत्राधिकारी ने जांच शुरू कर दी है।
हिरासत में लेकर थाने लाई थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, सोमवार को देवरिया बुजुर्ग गांव निवासी अंकित तिवारी को पुलिस ने मारपीट के एक मामले में हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे राजेसुल्तानपुर थाने लाया गया। आरोप है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
सीसी कैमरा रहित कमरे में पिटाई का आरोप
पीड़ित युवक का आरोप है कि उसे थाने के उस कमरे में ले जाया गया, जहां सीसी कैमरा नहीं लगा था। वहीं पर पट्टे से उसकी पिटाई की गई। युवक का कहना है कि विरोध करने पर उसे कार्रवाई की धमकी दी गई। मामले में थर्ड डिग्री देने का आरोप भी लगाया गया है।
वीडियो में दिखीं चोटें, सोशल मीडिया पर चर्चा
वायरल वीडियो में युवक के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया। इसके बाद पुलिस विभाग भी हरकत में आया।
पुलिस का पक्ष: शराब के नशे में कर रहा था विवाद
क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि देवरिया गांव के अधिवक्ता राहुल सिंह द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायत की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि युवक शराब के नशे में अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था और लोगों को धमका रहा था।








