अम्बेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर गांव में रविवार देर रात मारपीट के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
बच्चों के लिए सामान लेने गया था युवक
नगपुर निवासी ध्रुव गुप्ता रविवार रात करीब 10:30 बजे बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान लेने गांव स्थित मुकुंद कैफे गया था। उसकी पत्नी उषा गुप्ता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, कैफे में पहले से चली आ रही रंजिश को लेकर कुछ लोगों से ध्रुव का विवाद हो गया।
मारपीट और गला दबाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के बाद ध्रुव के साथ मारपीट की गई। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने ध्रुव के सीने पर चढ़कर लात-घूंसों से हमला किया और गला दबाने का प्रयास किया।
परिजनों के मुताबिक, ध्रुव किसी तरह वहां से बचकर अपने घर पहुंचा।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई घटना
परिजनों के अनुसार घर पहुंचने के बाद ध्रुव ने अपने भाई अमित, चाचा बजरंगी और पड़ोसी अभिषेक को कैफे में हुई घटना के बारे में बताया। उस समय उसकी नाक से खून निकल रहा था।
परिजनों का कहना है कि घर पहुंचने के बाद भी उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही।









