सड़कों और खेतों से गोवंश हटाने का अभियान तेज, एक दिन में 25 संरक्षित

सेवा संकल्प अभियान के तहत 20 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, पशुपालन और ग्राम विकास विभाग की टीमें गौशालाओं तक पहुंचा रहीं निराश्रित गोवंश

अंबेडकरनगर। सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों से होने वाली दुर्घटनाओं और खेतों में फसलों को नुकसान से बचाने के लिए जिले में विशेष संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को 25 गोवंशों को पकड़कर विभिन्न गौशालाओं में संरक्षित किया गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर यह अभियान 13 से 20 अक्टूबर तक चलेगा।

तीन विभाग मिलकर चला रहे अभियान

अभियान में पशुपालन विभाग, नगर पंचायत और ग्राम विकास विभाग की टीमें समन्वय से काम कर रही हैं। सड़क और खेतों में विचरण कर रहे निराश्रित गोवंशों को पकड़कर नजदीकी गौशालाओं में पहुंचाया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, बुधवार से पहले तक अभियान में 12 गोवंश संरक्षित किए गए थे। बुधवार को 25 गोवंशों को गौशालाओं में पहुंचाया गया।

गोवंशों की सूचना देने की अपील

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने किसानों और आमजन से अपील की है कि वे अपने गांव या आसपास सड़कों और खेतों में घूम रहे निराश्रित गोवंशों की सूचना संबंधित खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी या विभागीय अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा कि गोवंशों को सुरक्षित पकड़कर गौशालाओं तक पहुंचाने में जनसहयोग जरूरी है।

अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button