अंबेडकरनगर। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे के लिए गठित पांच सदस्यीय कमेटी में शिवपाल यादव को शामिल नहीं किए जाने पर पंचायती राज मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बच्चा चच्चा को बार-बार गच्चा दे रहा है।
मंगलवार को न्यू सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजभर ने कहा कि सीट बंटवारे की कमेटी से लेकर राममनोहर लोहिया ट्रस्ट तक, हर जगह शिवपाल यादव को किनारे किया जा रहा है। पार्टी भी इस स्थिति को स्वीकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के बाद शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके बावजूद अखिलेश यादव उन्हें किनारे करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
आजम खां और ओवैसी की बयानबाजी पर भी बोले राजभर
सपा नेता आजम खां और एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच चल रही बयानबाजी पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां मुसलमानों को शिक्षा, रोजगार और नौकरी के क्षेत्र में आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते। वहीं, ओवैसी शिक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और अमन-चैन की बात कर रहे हैं।
राजभर ने कहा कि आजम खां मुसलमानों को नफरत की राजनीति में उलझाए रखना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज में अब यह समझ विकसित हो रही है कि भाजपा के खिलाफ सपा और कांग्रेस समेत अन्य दलों की ओर से फैलाया जा रहा नफरत का संदेश वास्तविकता नहीं है।









