दो माह से खेत की मेड़ का विवाद खत्म, राजस्व टीम ने पुरानी मेड़ कराई बहाल

जलालपुर के भांऊ कुआं में लेखपाल ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में किया मौके का निरीक्षण, एसडीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

अंबेडकरनगर। जलालपुर तहसील क्षेत्र के भांऊ कुआं ग्राम सभा में खेत की मेड़ को लेकर दो माह से चल रहा विवाद सोमवार को राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद खत्म हो गया। लारपुर दक्षिण निवासी ज्ञानमती और गुलाबचंद यादव के बीच मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था।

एसडीएम जलालपुर मधुमिता सिंह के निर्देश पर लेखपाल राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में खेत की पुरानी स्थिति का निरीक्षण किया गया। इसके बाद पूर्व में कायम मेड़ को फिर से बहाल कराया गया।

मेड़ जोतने का लगाया था आरोप

ज्ञानमती ने आरोप लगाया था कि गुलाबचंद यादव ने खेत की मेड़ जोत दी थी। इससे खेत की सीमा को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। विवाद के चलते धान की फसल की बुवाई भी समय से नहीं हो सकी।

समस्या के समाधान के लिए ज्ञानमती लगातार अधिकारियों से शिकायत कर रही थीं। इसके बाद मामला राजस्व विभाग के स्तर पर पहुंचा।

मौके पर पहुंचकर बहाल कराई पुरानी स्थिति

एसडीएम के निर्देश के बाद लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर राजस्व स्थिति और खेत की पूर्व मेड़ का निरीक्षण किया। दोनों पक्षों की मौजूदगी में पुरानी स्थिति के अनुसार मेड़ कायम कराई गई।

राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया कि भूमि की पैमाइश या मेड़ की स्थिति को लेकर किसी पक्ष को आपत्ति होने पर वह नियमानुसार धारा 24 के तहत न्यायालय में प्रार्थना पत्र दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button