- 13 जुलाई तक किए जा सकते हैं आवेदन
- जिले से अब तक नहीं आया एक भी आवेदन
- केवल नियमित शिक्षक ही होंगे पात्र
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक है, लेकिन अंबेडकरनगर में अब तक बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से एक भी आवेदन नहीं आया है। 13 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। इस बार ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक और प्रधानाचार्य पुरस्कार की पात्रता से बाहर रहेंगे। संविदा शिक्षक और शिक्षामित्र भी आवेदन नहीं कर सकेंगे।
केवल नियमित और 10 वर्ष की सेवा वाले शिक्षक कर सकेंगे आवेदन
पुरस्कार के लिए केवल नियमित शिक्षक, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य ही आवेदन के पात्र हैं। इसके लिए कम से कम 10 वर्ष की नियमित सेवा अनिवार्य है। शिक्षा निदेशालय ने संयुक्त शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र शिक्षकों से आवेदन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि आवेदन करने वाले शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के ट्यूशन जैसी गतिविधियों में शामिल होने की गहन जांच की जाए।
पोर्टफोलियो के साथ अपलोड करने होंगे सभी साक्ष्य
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित थी, जबकि आवेदन 13 जुलाई तक जमा किए जा सकते हैं। आवेदन के साथ ऑनलाइन पोर्टफोलियो अपलोड करना होगा। इसमें आवश्यक अभिलेख, नवाचार, गतिविधियों की रिपोर्ट, फील्ड विजिट, फोटो और ऑडियो-वीडियो सहित अन्य प्रमाण शामिल करने होंगे।









