अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा की तैयारी को लेकर बृहस्पतिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अकबरपुर में जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र, अयोध्या के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को परीक्षा की रणनीति, ओएमआर शीट भरने और प्रश्न हल करने के तरीके बताए गए।
मुख्य वक्ता एवं विशेषज्ञ डॉ. जंगजीत कुमार ने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, पाठ्यक्रम की समझ और तार्किक क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने ओएमआर शीट में रोल नंबर और अन्य विवरण सही ढंग से भरने तथा उत्तर विकल्प को निर्धारित तरीके से चिह्नित करने की जानकारी दी। कठिन प्रश्नों में समय न गंवाने और समय के अनुसार प्रश्न हल करने की रणनीति भी बताई।
जनपद नोडल समन्वयक नीरज यादव ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन देना है। उन्होंने शिक्षकों से पात्र विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन देने की अपील की।
कार्यक्रम प्रभारी विभा सिंह ने मार्गदर्शन को विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रधानाचार्या रेनू वर्मा ने विद्यार्थियों से अनुशासन और नियमित अध्ययन के साथ परीक्षा की तैयारी करने को कहा।









