पोषण योजनाओं में लापरवाही पर सख्ती, दो दिन में सुधार के निर्देश

जिला पोषण समिति की बैठक में सीडीओ ने खराब प्रगति वाले सूचकांकों की समीक्षा की, अनियमितता पर कार्रवाई की चेतावनी

अंबेडकरनगर। जिला पोषण समिति की बैठक मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले में संचालित पोषण योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन वाले पोषण सूचकांकों पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि खराब प्रगति वाले सूचकांकों में दो दिन के भीतर अपेक्षित सुधार कराया जाए। इसके बाद प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। पोषण संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।

पुष्टाहार की समय से हो आपूर्ति

बैठक में पुष्टाहार की आपूर्ति की भी समीक्षा हुई। निर्देश दिया गया कि लाभार्थियों को समय पर पुष्टाहार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित माह में ही इसकी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश को दोबारा पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।

एसआरएलएम के माध्यम से जिन परियोजनाओं में अभी तक पुष्टाहार की आपूर्ति नहीं हुई है, वहां संबंधित बीएमएम और डीएमएम को नोटिस जारी करने को कहा गया।

सैम से सीधे सामान्य श्रेणी में पहुंचे बच्चों की होगी जांच

बैठक में बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार से जुड़े आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। पिछले माह सैम श्रेणी से सीधे सामान्य श्रेणी में दर्ज किए गए बच्चों के मामलों पर सीडीओ ने संबंधित परियोजनाओं को नोटिस जारी करने और नियमानुसार सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की पोषण श्रेणी से जुड़े आंकड़ों की प्रविष्टि और अपडेट वास्तविक स्थिति एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ही किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button