अंबेडकरनगर। धान की फसल खेत में पककर तैयार हुई तो उसकी पैदावार का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया खुद खेत में पहुंचीं। आलापुर तहसील के देवरिया बुजुर्ग गांव में उन्होंने किसान के खेत में हसिया थामकर धान की फसल काटी। इसके बाद निर्धारित क्षेत्रफल में फसल की कटाई और मड़ाई कराकर उपज का वजन कराया गया। क्रॉप कटिंग के इस प्रयोग में प्रति हेक्टेयर 48.8 क्विंटल धान उत्पादन का आकलन किया गया।
खरीफ सीजन की फसल की उत्पादकता जांचने के लिए क्रॉप कटिंग का प्रयोग सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से किया गया। इसके लिए ऑनलाइन रैंडम चयन के आधार पर देवरिया बुजुर्ग गांव के गाटा संख्या 384 में किसान तुफेल अहमद का खेत चुना गया था। मौके पर अधिकारियों की मौजूदगी में 10 मीटर भुजा वाले समबाहु त्रिभुज के आकार में 43.30 वर्ग मीटर क्षेत्र निर्धारित किया गया। इसी हिस्से में धान की फसल काटी गई। कटाई के बाद फसल की मड़ाई कराकर प्राप्त धान का वजन कराया गया, जो 21.160 किलोग्राम निकला। इस आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 48.8 क्विंटल आंकी गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग के आंकड़ों का सही तरीके से संकलन कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से क्षेत्र में बोई जाने वाली प्रमुख फसलों, धान की अलग-अलग किस्मों और उनकी उत्पादकता के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान किसानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।









