अंबेडकरनगर। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, चित्रगुप्त जयंती और छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मौजूदगी में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि त्योहारों से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को परेशानी न हो।
बाजारों और चौराहों पर चलेगा सफाई अभियान
डीएम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बाजारों, प्रमुख चौराहों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण बाजारों में सफाईकर्मियों की पर्याप्त तैनाती करने के निर्देश दिए गए। वहीं, नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा गया। खंड विकास अधिकारियों को बाजारों में सफाई के साथ सजावट कराने की जिम्मेदारी दी गई।
बिजली के ढीले तार दुरुस्त होंगे, 24 घंटे मिलेगी आपूर्ति
विद्युत विभाग को बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लगे बिजली के खंभों तथा ढीले तारों की जांच कर उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों पर जिले में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी।
मिठाइयों की गुणवत्ता पर रहेगी खाद्य विभाग की नजर
त्योहारों पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग को मिष्ठान भंडारों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। बाहर से मिठाइयों की खेप आने की सूचना मिलने पर तत्काल निरीक्षण कर नमूने लेने को कहा गया। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









