अंबेडकरनगर। शहर के अयोध्या मार्ग स्थित एमवीडी क्रिकेट मैदान पर रविवार को सड़क सुरक्षा सद्भावना कप का मुकाबला खेला गया। इसमें डॉक्टर्स-11 ने जय हीरो एजेंसी को 118 रन से हराकर लगातार 11वीं जीत दर्ज की। डॉक्टर्स-11 की जीत में डॉ. हेमंत सिंह की 84 रन की शानदार पारी और डॉ. आमोद व डॉ. उत्कर्ष की प्रभावी गेंदबाजी निर्णायक रही।
चार विकेट जल्दी गिरे, फिर हेमंत ने संभाली पारी
जय हीरो एजेंसी के कप्तान रवि भद्र सिंह ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण चुना। डॉक्टर्स-11 की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पांचवें ओवर तक 32 रन पर चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद हेमंत सिंह और डॉ. प्रवेश वर्मा ने पारी को संभाला।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। हेमंत ने 36 गेंदों पर नौ छक्कों और चार चौकों की मदद से 84 रन बनाए। प्रवेश वर्मा ने 23 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से डॉक्टर्स-11 ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। जय हीरो एजेंसी की ओर से सोनू ने तीन और आदर्श यादव ने दो विकेट लिए।
36 रन पर ढेर हुई जय हीरो एजेंसी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय हीरो एजेंसी की पारी 11.1 ओवर में महज 36 रन पर सिमट गई। गुरविंदर ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। उनके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। डॉक्टर्स-11 के डॉ. आमोद और डॉ. उत्कर्ष ने तीन-तीन विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया।
कप्तान डॉ. जीडी वर्मा की रणनीति और टीम के प्रभावी क्षेत्ररक्षण से डॉक्टर्स-11 ने 118 रन की बड़ी जीत हासिल की।









