190 गुम मोबाइल बरामद, 38 लाख की कीमत के फोन मालिकों तक पहुंचाए

सर्विलांस सेल का बड़ा अभियान, CEIR के तकनीकी डेटा से अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रेस किए गए मोबाइल

अम्बेडकरनगर। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान में अम्बेडकरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल ने सोमवार को 190 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।

SP प्राची सिंह के निर्देशन में चला अभियान
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में मोबाइल रिकवरी सेल ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी (सर्विलांस) अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण में टीम ने मोबाइलों की तलाश शुरू की।

CEIR के डेटा से मिली मोबाइलों की लोकेशन
पुलिस ने गुम मोबाइलों की जानकारी जुटाने के लिए CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का इस्तेमाल किया। पोर्टल से मिले तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में इस्तेमाल हो रहे गुम मोबाइलों को ट्रेस किया गया। इसके बाद टीम ने 190 मोबाइल बरामद किए।

कानूनी प्रक्रिया के बाद मालिकों को लौटाए फोन
बरामद मोबाइलों की पहचान और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें संबंधित मालिकों को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और टीम का आभार जताया।

एसपी प्राची सिंह की लोगों से अपील
एसपी प्राची सिंह ने कहा कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर लोग तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं। इसके साथ ही IMEI नंबर के जरिए CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक और ट्रेस कराने के लिए पंजीकरण कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button