तिरंगे के रंग में रंगा अंबेडकरनगर, जगह-जगह गूंजा राष्ट्रगान

एकलव्य स्टेडियम में संजय निषाद ने फहराया तिरंगा, कलेक्ट्रेट में डीएम ईशा प्रिया ने दी राष्ट्रध्वज को सलामी

अंबेडकरनगर। जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। एकलव्य स्टेडियम, कलेक्ट्रेट, पुलिस कार्यालय, नगर पालिका और एनटीपीसी टांडा समेत विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण हुआ। विद्यालयों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

एकलव्य स्टेडियम में फहरा तिरंगा, हुआ वंदेमातरम् का गायन

एकलव्य स्टेडियम अकबरपुर में मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदेमातरम् का गायन किया गया।

संजय निषाद ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के त्याग व बलिदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम को प्राथमिकता देने की बात कही।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

टॉस के साथ क्रिकेट मैच का आगाज

एकलव्य स्टेडियम में क्रिकेट मैच भी आयोजित किया गया। संजय निषाद ने टॉस कर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।

कलेक्ट्रेट में डीएम ने फहराया तिरंगा

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान और वंदेमातरम् के सामूहिक गायन के बाद उन्होंने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

पुलिस कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कैंप कार्यालय और क्वार्टर गार्द में ध्वजारोहण किया। गार्द ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button