अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौजूदा स्थिति और चल रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में गोल्डन आवर के दौरान मदद करने वाले नागरिकों को राहबीर योजना के तहत सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। संबंधित थाना स्तर से इन विवरणों का सत्यापन कर पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाया जाए।
ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपकरण लगाने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार तत्काल सुधार कार्य कराने को कहा। इन स्थानों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, कैट्स आई, क्रैश बैरियर और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग तय समय सीमा में कार्य पूरा करें।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांच अनिवार्य
जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच शीघ्र पूरी की जाए। वाहनों के परमिट, फिटनेस, चालक की योग्यता और अन्य आवश्यक मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।









