अष्टखंभा स्तूप को मिलेगा पर्यटन स्थल का नया रूप

1.05 करोड़ से शुरू हुआ कायाकल्प- लोरपुर की ऐतिहासिक धरोहर के विकास का शिलान्यास, सामुदायिक हॉल, यात्री प्रतीक्षालय, पाथवे और आधुनिक शौचालय बनेंगे

अकबरपुर (अंबेडकरनगर)। लोरपुर स्थित ऐतिहासिक अष्टखंभा स्तूप के पर्यटन विकास का रास्ता साफ हो गया है। रविवार को एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने विधि-विधान से भूमि पूजन और शिलान्यास कर विकास कार्यों की शुरुआत की। पर्यटन विभाग ने परिसर के विकास के लिए 1 करोड़ 5 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। परियोजना पूरी होने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों को कई बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।

पर्यटन विभाग ने मंजूर किया 1.05 करोड़ का बजट

अष्टखंभा स्तूप को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय पिछले दो वर्षों से प्रयास कर रहे थे। उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के निर्देश के बाद पर्यटन विभाग ने परियोजना के लिए बजट स्वीकृत किया।

विकास कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएनडीएस (CNDS) को दी गई है। शिलान्यास के साथ ही परियोजना के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई।

हॉल से लेकर आधुनिक शौचालय तक की सुविधा

परियोजना में पर्यटकों की सुविधा के लिए कई निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। परिसर में सामुदायिक हॉल और सर्वसुविधायुक्त यात्री प्रतीक्षालय बनाया जाएगा। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के साथ आधुनिक शौचालय ब्लॉक भी तैयार होगा।

परिसर में आने-जाने के लिए इंटरलॉकिंग पाथवे बनाया जाएगा। पर्यटकों के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। रात में परिसर को रोशन करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाली एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button