अंबेडकरनगर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित अवध क्षेत्र प्रवास को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जलालपुर नगर में शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को क्षेत्रीय मंत्री विनोद पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रस्तावित प्रवास संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि ने की, जबकि संचालन नगर महामंत्री आनंद मिश्र ने किया। मीडिया प्रभारी विकास निषाद ने बताया कि बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, मंच संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आगंतुकों के स्वागत सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी शक्ति केंद्र संयोजकों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।









