अंबेडकरनगर। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के सैदापुर में रविवार को बहुजन समाज पार्टी की सेक्टर स्तरीय बैठक हुई। बैठक में पिछड़े वर्ग की राजनीतिक भागीदारी के साथ महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्य मंडल जोन प्रभारी दिलीप कुमार विमल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को लेकर भी अपनी बात रखी।
1984 के बाद राजनीतिक भागीदारी का दावा
बैठक को संबोधित करते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक पिछड़े वर्ग को पर्याप्त राजनीतिक भागीदारी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि 1984 में बसपा के गठन के बाद पिछड़े वर्ग समेत समाज के अन्य वर्गों को राजनीतिक भागीदारी देने की पहल की गई।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पिछड़े वर्ग को संगठित होकर पार्टी के साथ खड़ा होना चाहिए। महंगाई और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने बसपा को सत्ता में लाने की बात कही।
रोजगार को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना
बैठक की अध्यक्षता कर रहे दिलीप कुमार विमल ने कहा कि बसपा शासनकाल में छात्रों, नौजवानों, किसानों, बेरोजगारों और महिलाओं के हित में काम हुए। उन्होंने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी बढ़ने का आरोप लगाया। कहा कि युवाओं के रोजगार का मुद्दा प्राथमिकता में होना चाहिए।
अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी प्रत्याशी मनोज वर्मा ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अवसर मिलने पर गरीबों के हित में काम किया जाएगा।
यह भी पढ़े : https://www.tamsasanket.com/akbarpur-sp-meeting-kanshi-ram-mulayam-death-anniversary/









