अंबेडकरनगर। नवरात्र में नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना के बाद अब विदाई की बेला आ गई है। मां की प्रतिमा को विसर्जन के लिए लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं की आंखें भावुक नजर आईं। ‘जय माता दी’, ‘मां दुर्गा की जय’ के जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालुओं ने मां को विदाई दी। श्रवण धाम स्थित घाट पर आस्था और भावनाओं का ऐसा संगम दिखा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
इसी बीच बुधवार रात जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के श्रवण धाम स्थित प्रतिमा विसर्जन स्थल पर पहुंचीं। दोनों अधिकारियों ने घाट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद जिम्मेदारों से विसर्जन को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली।
डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपरा के बीच सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रहे। घाट पर भीड़ को व्यवस्थित रखने, आवागमन सुचारु बनाए रखने और विसर्जन के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।









