जनता दर्शन में फरियाद के साथ मिला पौधा

कलेक्ट्रेट में डीएम ने बांटी हरियाली की सौगात

  • कलेक्ट्रेट में फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण
  • डीएम ईशा प्रिया ने खुद बांटे पौधे
  • पौधारोपण के साथ संरक्षण का भी दिलाया संकल्प
  • हरित अंबेडकरनगर के लिए जनभागीदारी पर जोर

अंबेडकरनगर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनूठी पहल देखने को मिली। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशन में वृक्षारोपण महाअभियान के तहत फलदार पौधों का भंडारा आयोजित किया गया। जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों, अधिवक्ताओं, आमजन और कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को निःशुल्क फलदार पौधे वितरित कर अधिक से अधिक पौधारोपण का संदेश दिया गया।

डीएम ने खुद बांटे पौधे, संरक्षण का भी दिलाया संकल्प
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने स्वयं लोगों को फलदार पौधे वितरित किए और उनसे केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके नियमित संरक्षण और देखभाल का भी संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त है और इस समय लगाए गए पौधे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ फल, शुद्ध वायु और हरियाली का आधार बनेंगे।
‘पौधारोपण अभियान नहीं, भविष्य के प्रति जिम्मेदारी’
जिलाधिकारी ने कहा कि पौधारोपण को केवल सरकारी अभियान के रूप में नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जाना चाहिए। जनभागीदारी से ही हरित एवं समृद्ध अंबेडकरनगर का लक्ष्य साकार हो सकेगा।
हरियाली बढ़ाने का दिया संदेश
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित पौध भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने पौधे प्राप्त किए और उन्हें रोपित करने का संकल्प लिया। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़कर जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार करना है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button