अम्बेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में होमगार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर 70 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक ने आरोपी पर फर्जी पहचान पत्र, सरकारी मुहर और पुलिस अधीक्षक के कथित जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर विश्वास में लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कटरिया याकूबपुर निवासी अमन कुमार पुत्र राजितराम ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि काशीराम आवास, कटरिया याकूबपुर निवासी रवि पाण्डेय ने उसे होमगार्ड में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि नौकरी के लिए एक लाख रुपये की मांग की गई थी। इसमें 70 हजार रुपये पहले और 30 हजार रुपये नौकरी ज्वाइन करने के बाद देने की बात कही गई थी।
फर्जी पहचान पत्र दिखाकर भरोसा दिलाने का आरोप
अमन कुमार का आरोप है कि रवि पाण्डेय ने उसे विश्वास में लेने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कथित मुहर और जाली हस्ताक्षर से तैयार होमगार्ड का पहचान पत्र दिखाया। इसके बाद उसने आरोपी को 70 हजार रुपये नकद दे दिए।
पीड़ित के अनुसार, बाद में जब उसने पहचान पत्र की जांच कराई तो वह फर्जी निकला। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी की जानकारी हुई।
धोखाधड़ी और जालसाजी की कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने शिकायत में आरोप लगाया कि सरकारी मुहर और अधिकारी के नाम का कथित रूप से गलत इस्तेमाल किया गया। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और दस्तावेजों के दुरुपयोग से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।









