अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के धवरुवा मजरे रूढ़ा गांव में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां इंद्रा देवी की संदिग्ध मौत और घर से जेवर गायब होने के मामले में पुलिस ने अब तक की जांच को लेकर तस्वीर साफ की है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने स्पष्ट किया कि एफआईआर में दर्ज जेवर और अन्य सामान अभी बरामद नहीं हुए हैं। सोशल मीडिया पर इनके बरामद होने की प्रसारित खबर को उन्होंने गलत और भ्रामक बताया है। उधर, आशुतोष मिश्र ने भी गायब जेवर नहीं मिलने की बात कहते हुए जांच पर सवाल उठाए हैं।
एसपी ने बताया, क्या मिला और क्या नहीं
एसपी प्राची सिंह के मुताबिक घटनास्थल से तुलसी की माला और पीली धातु की कीलनुमा कुछ वस्तुएं मिली थीं। इन्हें परिवार को सौंप दिया गया है। लेकिन एफआईआर में दर्ज जेवर और अन्य सामान की बरामदगी अभी नहीं हुई है। इसलिए मौके से मिली वस्तुओं को चोरी गए जेवर की बरामदगी बताना सही नहीं है।
मौत की वजह पर भी अंतिम निष्कर्ष नहीं
मौत के कारण को लेकर भी पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। एसपी ने बताया कि तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। इसके बाद विसरा सुरक्षित कर एफएसएल भेजा गया है। हृदय को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भी भेजा गया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इंद्रा देवी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।









