अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी चचेरी बहन पर घर में रखे गहने चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर थाना पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक और एसडीएम आलापुर को भी प्रार्थना पत्र दिया है।
बारीडीह सिकंदरपुर गांव निवासी ललिता पत्नी विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने सोने-चांदी के आभूषण अपनी मां के पास सुरक्षित रखे थे। दिसंबर 2025 में उनकी मां दिल्ली चली गई थीं। इसी दौरान आरोप है कि उनकी चाची की बेटी खुशबू पत्नी रोहित, निवासी खपुरा थाना मालीपुर, घर पहुंची और बक्से में रखे गहने निकाल लिए।
ललिता का आरोप है कि घटना के समय खुशबू की बेटी अंशिका ने अपनी मां को ऐसा करते देख लिया था। आरोप है कि जानकारी किसी को बताने पर अंशिका को डराया-धमकाया गया। इसके बाद खुशबू के ससुराल चले जाने पर अंशिका ने पूरी घटना की जानकारी ललिता को दी।
ललिता के अनुसार, घर लौटने पर उन्होंने बक्से की जांच की तो उसमें रखे कई गहने गायब मिले। इनमें नथ, कान के बाले, मंगलसूत्र, नाक की कील, सोने की अंगूठी, हाथ के आभूषण, पायल, बिछिया समेत अन्य जेवर शामिल बताए गए हैं। इसके बाद महिला ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित महिला ने पुलिस से गहने बरामद कराने और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर जहांगीरगंज थाने में शिकायत दी गई है।
थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









