- राजस्व वसूली, भूमि विवाद और विकास योजनाओं की समीक्षा; लक्ष्य पूरा करने पर अधिकारियों को दिया जोर
अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों और राजस्व मामलों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में लंबित प्रकरणों, राजस्व वसूली और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरासत, नामांतरण और खतौनी मामलों का समय से हो निस्तारण
जिलाधिकारी ने वरासत, नामांतरण, खतौनी संशोधन समेत अन्य राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सीएम डैशबोर्ड की प्रगति में सुधार के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवादों पर राजस्व-पुलिस समन्वय से होगी कार्रवाई
भूमि विवादों और आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के समन्वय से विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही सरकारी और सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने, राजस्व अभिलेखों की शुद्धता बनाए रखने और राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का तेजी से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
वसूली लक्ष्य पूरा करने पर विभागों को फोकस
कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति बढ़ाने को कहा। उन्होंने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लंबित राजस्व वादों की नियमित समीक्षा कर निस्तारण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
विकास योजनाओं की जमीनी प्रगति पर नजर
सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए।









