समाधान दिवस में डीएम के सामने पहुंचीं 180 शिकायतें

27 का मौके पर निस्तारण- अकबरपुर में सबसे ज्यादा 56 फरियाद, डीएम ईशा प्रिया ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश—जांच जरूरी हो तो मौके पर पहुंचें अफसर

अंबेडकरनगर। जिले की तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अगस्त के तृतीय शनिवार को स्वतंत्रता दिवस होने के कारण शासन के निर्देश पर इस बार समाधान दिवस सोमवार को हुआ। पांचों तहसीलों में अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं। कुल 180 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 27 का मौके पर निस्तारण कराया गया।

अकबरपुर में डीएम ने सुनीं फरियाद

तहसील अकबरपुर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उनके साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी ली और शिकायतों का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

अकबरपुर तहसील में कुल 56 शिकायतें आईं। इनमें आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जहां जांच जरूरी, वहां खुद पहुंचे अधिकारी

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए। वहीं, ऐसे मामलों में केवल कार्यालय स्तर से कार्रवाई न की जाए, जिनमें स्थलीय जांच जरूरी है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं करने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button