श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी, मौके पर कराया पंजीकरण और ऐप डाउनलोड

शहजादपुर के लेबर चौक पर लगा जागरूकता शिविर, श्रमिकों को डिजिटल सुविधाओं और पेंशन योजना की दी जानकारी

अंबेडकरनगर। श्रम विभाग की ओर से मंगलवार को अकबरपुर के शहजादपुर स्थित लेबर चौक पर श्रमिक जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर लगाया गया। इसमें मौजूद श्रमिकों को भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

पंजीकरण और नवीनीकरण की बताई प्रक्रिया
शिविर में श्रमिकों को नए पंजीकरण और पंजीकरण के नवीनीकरण की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी।

प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना पर भी चर्चा
ई-श्रम पोर्टल के तहत संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के बारे में भी श्रमिकों को बताया गया। शिविर में योजना की पात्रता, मिलने वाले लाभ और पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

डिजिटल लेबर चौक से जुड़ने पर जोर
श्रम विभाग की टीम ने श्रमिकों को यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप के बारे में भी जानकारी दी। ऐप के माध्यम से उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं के बारे में श्रमिकों को बताया गया। इस दौरान अधिक से अधिक श्रमिकों के मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराया गया।

शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं, पंजीकरण प्रक्रिया और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button