अम्बेडकरनगर। जिले में औद्योगिक गतिविधियों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तेज कर दी है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु और जिला व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक हुई। इसमें निवेशकों, उद्यमियों और व्यापारियों से जुड़े मामलों के साथ शासन की प्रमुख औद्योगिक योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा), एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना और निजी औद्योगिक पार्क विकास योजना (PLEDGE) की समीक्षा की गई।
उद्यमियों को समय पर मिले सेवाएं, विभागों को दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को तय समय सीमा में मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों को विभागीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में औद्योगिक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों में तेजी लाने और विभागीय समन्वय बेहतर करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में बढ़ी प्रगति
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत जिले को 169 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अब तक 117 आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे जा चुके हैं।
इनमें 23 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि 19 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया समेत अन्य संबंधित बैंकों को लंबित आवेदनों की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और स्वीकृत मामलों में ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।









