अंबेडकरनगर। जनपद में गुरुवार को सभी नौ विकास खंडों में ‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना का शुभारंभ किया गया। योजना के तहत प्रत्येक विकास खंड की दो-दो ग्राम पंचायतों में कार्यशाला और चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को इसके प्रावधानों और क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। पंचायत भवन और कार्यस्थलों पर अधिकारियों ने लोगों को योजना से जुड़ी प्रमुख सुविधाओं से अवगत कराया।
नई योजना में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। साथ ही सात दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान अनिवार्य किया गया है। मजदूरी की दर भी बढ़ाकर 252 रुपये से 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। योजना को पीएम गति शक्ति से भी जोड़ा गया है, ताकि विकास कार्यों की पुनरावृत्ति न हो और कार्यों में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
हर विकास खंड में आयोजित हुई चौपाल
विकास खंड टांडा की ग्राम पंचायत दौलतपुर काजी में मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों और श्रमिकों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं खासपुर ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव ने लोगों को योजना के बारे में बताया।
जलालपुर विकास खंड के गोलपुर में उपायुक्त (श्रम रोजगार), अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक ने योजना की जानकारी दी। जैनापुर में भी ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान ने चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को योजना से अवगत कराया।
भियांव विकास खंड के बंदीपुर और सेमरा ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक तथा सहायक विकास अधिकारी (कृषि) ने योजना के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी।
रामनगर विकास खंड की नयागांव और लखनपट्टी ग्राम पंचायतों में खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव ने चौपाल आयोजित कर योजना की जानकारी साझा की।









