अब सड़क पर लापरवाही नहीं चलेगी

15 दिन चलेगा 'जीरो एक्सीडेंट डे' अभियान-7 से 21 जुलाई तक 'नारी शक्ति द्वारा सुरक्षित अम्बेडकरनगर' थीम पर चलेगा अभियान, नियम तोड़ने वालों को चालान के साथ दिखाई जाएगी सड़क सुरक्षा की वीडियो

अम्बेडकरनगर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करने के लिए 7 से 21 जुलाई तक ‘जीरो एक्सीडेंट डे (Zero Accident Day-ZAD)’ अभियान चलाया जाएगा। इस बार अभियान ‘नारी शक्ति द्वारा सुरक्षित अम्बेडकरनगर’ थीम पर आयोजित होगा। अभियान को प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए एएसपी (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सेंटर फॉर एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी, आईआईटी मद्रास के हेमेंद्र शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येंद्र यादव, एआरएम रोडवेज, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, यातायात निरीक्षक और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विभागों को समन्वय के साथ तय कार्यक्रमों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के लिए जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, चेक पोस्टों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button