- रामपुर बनेथू गांव में 13 जुलाई को हुई थी महिला की मौत, बेटे की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बनेथू गांव में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, महिला की मौत 13 जुलाई को हुई थी। इसके बाद परिजनों ने शव को दफना दिया था। मृतका के पुत्र आकाश के दिल्ली से लौटने के बाद 16 जुलाई को उसने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की।
बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप
पुत्र आकाश ने अपनी शिकायत में पिता पर मां की हत्या का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि पिता का दूसरी महिला से संबंध था और इसी वजह से उसकी मां की हत्या की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने न्यायालय और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र से शव निकलवाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
अकबरपुर कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।









