अमेरिका 250 साल के लिए दफनाएगा टाइम कैप्सूल

2276 में खुलेगा इतिहास का अनोखा खजाना

वॉशिंगटन। अमेरिका अपनी आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक अनोखी पहल करने जा रहा है। 4 जुलाई को 408 किलोग्राम वजनी एक विशेष टाइम कैप्सूल को फिलाडेल्फिया स्थित इंडिपेंडेंस नेशनल हिस्टोरिकल पार्क में जमीन के भीतर दफनाया जाएगा। इसे 250 साल बाद यानी वर्ष 2276 में खोला जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां आज के दौर की संस्कृति, तकनीक और इतिहास को करीब से जान सकें।

नेशनल पार्क सर्विस के आधिकारिक रिकॉर्ड में भी इस टाइम कैप्सूल का पूरा विवरण दर्ज किया गया है, जिससे भविष्य में इसे आसानी से खोजा जा सके। इस कैप्सूल में अमेरिका के सभी 50 राज्यों और आम नागरिकों की ओर से चुनी गई कई ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक वस्तुएं रखी गई हैं।

टाइम कैप्सूल में व्हेल की हड्डी, दुनिया के सबसे बड़े जिप्सम रेगिस्तान की रेत, राइट बंधुओं के ऐतिहासिक विमान का कपड़ा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़ी भविष्यवाणियां और कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज शामिल किए गए हैं। इन वस्तुओं के जरिए भविष्य की पीढ़ियों को 21वीं सदी के अमेरिका की झलक मिलेगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, टाइम कैप्सूल तैयार करने से अधिक चुनौती उसे 250 वर्षों तक सुरक्षित बनाए रखने की थी। इसके लिए वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने कई वर्षों तक शोध कर ऐसा डिजाइन तैयार किया, जो पानी, नमी, जंग और मौसम के प्रभाव से कैप्सूल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके।

इसी कारण कैप्सूल को चौकोर की बजाय बेलनाकार (सिलेंडर) आकार में बनाया गया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि चौकोर कंटेनरों के कोने समय के साथ कमजोर हो जाते हैं, जबकि बेलनाकार डिजाइन लंबे समय तक अधिक सुरक्षित रहता है और पानी के अंदर प्रवेश की संभावना भी कम होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button