ट्रंप ने भारत का हवाला देकर ‘सेव अमेरिका एक्ट’ पास कराने की अपील की

बोले- वैध फोटो आईडी के बिना चुनाव कैसे हो सकते हैं?

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को भारत की चुनाव व्यवस्था का हवाला देते हुए ‘सेव अमेरिका एक्ट’ को मंजूरी दिलाने की अपील की। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर अमेरिकी चुनाव प्रक्रिया को और सख्त बनाने की जरूरत बताई।

ट्रंप ने दावा किया कि इसी महीने की शुरुआत में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अमेरिकी प्रशासन से सवाल किया था कि अमेरिका में वैध फोटो आईडी के बिना चुनाव कैसे हो सकते हैं।

चुनावी प्रक्रिया सख्त करने पर जोर

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में चुनावों की सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए ‘सेव अमेरिका एक्ट’ को पास करना जरूरी है। वह लंबे समय से अमेरिकी चुनावों में मतदाता पहचान और नागरिकता से जुड़े नियमों को सख्त करने की वकालत करते रहे हैं।

क्या है ‘सेव अमेरिका एक्ट’?

‘सेव अमेरिका एक्ट’ अमेरिका में मतदाता पंजीकरण और मतदान की प्रक्रिया से जुड़े नियमों को सख्त करने वाला प्रस्तावित कानून है। इसके तहत मतदाता पंजीकरण के समय नागरिकता का दस्तावेजी प्रमाण देना और मतदान के दौरान फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य किए जाने का प्रस्ताव है।

डाक मतदान पर भी लग सकती है पाबंदी

प्रस्तावित कानून में डाक के जरिए मतदान की प्रक्रिया को सीमित करने का प्रावधान भी शामिल है। इसके जरिए अमेरिका में चुनाव के दौरान मतदाता पहचान और पात्रता की जांच को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

यह विधेयक अमेरिकी प्रतिनिधि सभा से पारित हो चुका है, लेकिन अभी तक सीनेट से मंजूरी नहीं मिली है।

डेमोक्रेट और रिपब्लिकन में मतभेद

‘सेव अमेरिका एक्ट’ को लेकर अमेरिका की दोनों प्रमुख पार्टियों में मतभेद हैं। रिपब्लिकन पार्टी के नेता इसे चुनावी प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने की दिशा में जरूरी कदम बताते हैं, जबकि डेमोक्रेट्स की ओर से इसके प्रावधानों को लेकर आपत्तियां जताई गई हैं।

ट्रंप लगातार इस विधेयक को पास कराने की मांग करते रहे हैं। उनका दावा है कि इससे चुनावी धोखाधड़ी को रोकने में मदद मिलेगी और अमेरिकी चुनाव व्यवस्था में लोगों का भरोसा मजबूत होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button